UPCOS का पूरा नाम उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम है, जिसकी स्थापना उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आउटसोर्स श्रमिकों के अधिकारों को विनियमित और संरक्षित करने के लिए की गई है। यह पारदर्शी नियुक्ति सुनिश्चित करता है, समय पर सीधे वेतन भुगतान की गारंटी देता है और सामाजिक सुरक्षा लाभ (ईपीएफ/ईएसआई) प्रदान करता है।
उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) को 2 जनवरी, 2026 को औपचारिक रूप से एक गैर-लाभकारी कंपनी के रूप में पंजीकृत किया गया था।
उत्तर प्रदेश में आउटसोर्स मानव संसाधन की नियुक्ति, तैनाती एवं प्रबंधन हेतु एक पारदर्शी, कुशल, जवाबदेह एवं तकनीक-आधारित व्यवस्था स्थापित करना, जिसके माध्यम से शासकीय विभागों एवं उनकी अधीनस्थ संस्थाओं को आवश्यक मानव संसाधन की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ आउटसोर्स कार्मिकों के पारिश्रमिक एवं वैधानिक लाभों का समयबद्ध भुगतान, नियमानुसार अनुपालन तथा सभी संबंधित हितधारकों के मध्य प्रभावी समन्वय सुनिश्चित किया जा सके। इसके अतिरिक्त, आउटसोर्स मानव संसाधन से संबंधित समस्त प्रक्रियाओं का डिजिटलीकरण, कार्यों की रियल-टाइम निगरानी, अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण, शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण तथा पारदर्शी रिपोर्टिंग एवं निगरानी प्रणाली विकसित करना, ताकि संपूर्ण व्यवस्था में कार्यकुशलता, जवाबदेही एवं प्रशासनिक सुगमता को बढ़ावा दिया जा सके।
उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का मुख्य उद्देश्य शासकीय विभागों एवं उनकी अधीनस्थ संस्थाओं में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्मिकों का पारदर्शी नियोजन एवं तैनाती सुनिश्चित करना तथा उनके वेतन एवं अन्य परिलब्धियों, जैसे भविष्य निधि (PF) एवं कर्मचारी राज्य बीमा (ESI) योजना के अंतर्गत अंशदान आदि का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही, आउटसोर्स मानव संसाधन के नियोजन, तैनाती एवं प्रबंधन हेतु एक पारदर्शी, कुशल, जवाबदेह एवं तकनीक-आधारित व्यवस्था स्थापित करना है, जिसके अंतर्गत एक केंद्रीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से कार्मिकों की मांग, चयन, तैनाती, उपस्थिति, वेतन भुगतान, वैधानिक अनुपालन एवं कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
सेवाएँ:
ऑउटसोर्स कार्मिकों का भुगतान एवं अनुपालन हेतु रीयल-टाइम डैशबोर्ड
कर्मचारी उपस्थिति एवं वेतन प्रबंधन प्रणाली
विभिन्न विभागों की ऑउटसोर्स मानव संसाधन आवश्यकताओं का केंद्रीकृत प्रबंधन
कर्मचारियों के वेतन का डिजिटल प्रबंधन एवं वितरण
ई.पी.एफ. एवं ई.एस.आई. अनुपालन प्रबंधन
वेतन स्लिप के साथ ईपीएफ एवं ईएसआई कटौती रिपोर्ट तैयार करना
सत्यापन एवं अनुपालन ट्रैकिंग
एजेंसी/वेंडर हेतु ऑउटसोर्स कार्मिकों का डाटा प्रबंधन एवं विश्लेषण
शिकायत निवारण एवं कर्मचारी सहायता सेवाएं
डिजिटल प्रबंधन और वित्तीय प्रबंधन प्रणालियों के साथ एकीकरण